राजधानी में फायरिंग मामले में अभी तक सात स्टूडेंट्स गिरफ्तार

Astitva Times Desk
6 Min Read

 

दो दिन पूर्व हुई फायरिंग की घटना में छात्रों के दो गुटों में आपसी विवाद पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही

गिरफ्तार सभी 07 छात्रों को भारी मुचलके से कराया गया पाबंद

सभी छात्रो के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही हेतु सम्बन्धित यूनिवर्सिटी को भेजी रिपार्ट

वर्ष 2025 में पुलिस द्वारा भेजी गयी रिपोर्ट के आधार पर अब तक अलग-अलग यूनिवर्सिटियों से 85 उपद्रवी छात्रों को किया जा चुका है निष्कासित

पुलिस द्वारा सभी यूनवर्सिटी/संस्थानों, कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों में मध्य चल रहे विवाद की जुटायी जानकारी, कई उपद्रवी छात्र पुलिस की रडार पर

SSP अजय सिंह का कड़ा संदेश “ पढाई की आड में अराजकता नहीं होगी बर्दाश्त, आपराधिक गतिविधियों में मिली संलिप्तता तो होगी कडी कार्यवाही“

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में ब्वायज पी0जी0 हॉस्टल के बाहर हुई फायरिंग की घटना में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल 01 अभियुक्त वेद भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया था। जिससे पूछताछ में अभियुक्त द्वारा यूनिवर्सिटी में 02 गुटों के बीच आपसी वर्चस्व कोे लेेकर पूर्व से ही चले आ रहे विवाद के चलते दूसरे पक्ष को डराने की नीयत से उसके द्वारा अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उक्त फायरिंग की घटना को अंजाम देना प्रकाश में आया।

प्राप्त जानकरी का त्वरित संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा उपद्रवी छात्रों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये, जिस पर प्रेमनगर पुलिस द्वारा दिनांक: 25-08-25 की रात्रि में दोनो गुटों के 07 उपद्रवी छात्रों को धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार कर किया गया। सभी छात्रों को सम्बन्धित मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर भारी मुचलके से पाबंद कराया गया तथा सभी सातों छात्रों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही हेतु संबंधित यूनिवर्सिटी को रिपोर्ट भेजी गई।

थाना प्रेमनगर पुलिस द्वारा उपद्रवी छात्रों पर अंकुश लगाने हेतु एक पुलिस टीम के गठन किया गया है, जिसके द्वारा थाना प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत स्थित यूनिवर्सिटी , शैक्षिक संस्थानों ,कॉलेज में ऐसे उपद्रवी छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, साथ ही पूर्व में हुए विवादों का संज्ञान लेते हुए सभी उपद्रवी छात्रों को चिन्हित किया जा रहा है। वर्ष 2025 में अलग-अलग संस्थानों में हुए विवादों में पुलिस द्वारा उपद्रवी छात्रों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही के साथ-साथ सम्बन्धित शिक्षण संस्थानों को भी उनके विरूद्ध कार्यवाही हेतु रिपोर्ट प्रेषित की गयी थी, जिसके आधार पर अब तक 85 उपद्रवी छात्रों को विभिन्न शिक्षण संस्थानो से निष्कासित किया जा चुका है।

*विवरण गिरफ्तार छात्र:-*

1- वैभव तिवारी पुत्र श्री शिवबच्चन तिवारी निवासी सारनाथ हीरामनपुर, वाराणसी, उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष
2- उत्तम सैनी पुत्र त्रिलोक सैनी ग्राम टीपरा थाना रामपुर मनिहारान, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश
3- मयंक चौहान पुत्र श्री कृष्ण कुमार निवासी ग्राम कासमपुर गढ़ी, अफजलगढ़, थाना अफजलगढ़, बिजनौर, उत्तर प्रदेश
4- आयुष पुत्र श्री कमल सिंह ग्राम अटेरना, थाना रजबपुर, जिला अमरोहा
5- युवराज पुत्र श्री वीरेंद्र निवासी ग्राम मुसेल, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 19 वर्ष
6- अर्जुन पुत्र श्री अनिरुद्ध निवासी ग्राम रणखंडी देवबंद, थाना देवबंद
7- दिव्य पुत्र श्री कुलदीप चौधरी निवासी धामपुर बिजनौर, थाना बिजनौर

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह गंगोत्री बॉयज हॉस्टल के बाहर दो युवकों द्वारा की गई खुलेआम फायरिंग की घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह फायरिंग छात्रों के दो गुटों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद का नतीजा थी।

प्रेमनगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक फायरिंग कर भागते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने चार टीमें बनाकर जांच तेज कर दी।

जांच के दौरान पता चला कि फायरिंग की घटना में यूनिवर्सिटी के ही दो छात्र शामिल हैं। उनके घरों पर छापेमारी की गई, लेकिन वे फरार मिले और उनके मोबाइल भी स्विच ऑफ थे। लगातार दबिश के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली और फन एंड फूड मार्ग से आरोपी वेद भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वेद भारद्वाज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मथुरा का निवासी है और देहरादून की एक यूनिवर्सिटी में बी-फार्मा तृतीय वर्ष का छात्र है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि यूनिवर्सिटी में दो छात्र गुट सक्रिय हैं, एक में वह और उसका साथी विपुल पवार शामिल हैं, जबकि दूसरे में विभव तिवारी और अन्य छात्र। गर्मियों की छुट्टियों से पहले दोनों गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर टकराव हो चुका था। नए सत्र की शुरुआत के बाद विवाद और बढ़ गया, जिसके चलते हॉस्टल के बाहर विरोधी गुट को डराने के इरादे से फायरिंग की गई। पुलिस अब फरार आरोपी विपुल पवार की तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!