विजिलेंस टीम ने 50 हज़ार रुपए रिश्वत लेते जिला पूर्ति अधिकारी एवं सहायक को किया गिरफ्तार

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में हरिद्वार जिले में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी और उनके एक सहायक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई देहरादून की विजिलेंस टीम द्वारा अंजाम दिया गया है। टीम को पिछले काफी समय से जिला पूर्ति कार्यालय हरिद्वार से जुड़े अधिकारियों की रिश्वतखोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की प्राथमिक जांच के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने जिला पूर्ति कार्यालय हरिद्वार में ही डेरा डाल रखा है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और कार्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

बताया जा रहा है कि जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके सहायक के खिलाफ राशन कार्ड, लाइसेंस और अन्य विभागीय कार्यों के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें सामने आ रही थीं। विजिलेंस ने इन्हीं शिकायतों के आधार पर पूरी योजना बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद जिला पूर्ति विभाग सहित प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!