वीडियो: देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश, अस्पताल में भर्ती

5

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार चालक ने पुलिस से बचने के लिए न केवल भागने की कोशिश की, बल्कि जंगल में घुसकर पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

16 अप्रैल की मध्यरात्रि पुलिस कंट्रोल रूम को हर्रावाला स्थित पीली कोठी क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद Maruti Swift (UK08TA-9193) घूमने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर चालक तेज रफ्तार में हाईवे की ओर भाग निकला। हर्रावाला चौकी के पास पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने बैरियर तोड़ते हुए हरिद्वार की दिशा में फरार होने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया और पूरे जिले में अलर्ट जारी कर घेराबंदी कर दी गई।

कुआंवाला के पास आरोपी की कार सड़क किनारे लगे बोर्ड से टकरा गई, जिसके बाद वह जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। आरोपी के कब्जे से:
01 देशी तमंचा (.315 बोर)
02 खोखा कारतूस
01 जिंदा कारतूस
बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया। आरोपी ने अपना नाम क्रान्तानाथ (26 वर्ष) निवासी सपेरा बस्ती, घिस्सुपुरा, थाना पथरी, जिला हरिद्वार बताया। जांच में सामने आया कि वह डोईवाला और रानीपोखरी थानों में चोरी समेत कई मामलों में वांछित चल रहा था।

घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस पर जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने के आरोप में आरोपी के खिलाफ डोईवाला कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।