50 हजार की रिश्वत लेते JE रंगे हाथों गिरफ्तार

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई से विभाग में मचा हड़कंप

देहरादून/ऋषिकेश। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग के सिविल विंग में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार मामला ऋषिकेश क्षेत्र के पशुलोक बैराज में टेंडर कार्य से जुड़े भुगतान का है। शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने सरकारी विभाग में एक टेंडर कार्य किया था और संबंधित भुगतान जारी करने के बदले JE द्वारा अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की प्रारंभिक जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देशन में एक विशेष ट्रैप टीम गठित की गई।


सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए गुरुवार, 21 मई 2026 को आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन, निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी फैसल खान विभाग के सिविल विंग में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात था। उसकी गिरफ्तारी के बाद विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और अन्य कर्मचारियों में भी खलबली मची हुई है।

वहीं, सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी लड़ाई संभव है और सतर्कता अधिष्ठान भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!