अस्तित्व टाइम्स
देहरादून। कांग्रेस पार्टी ने राजधानी में 30 अप्रैल को होने वाली संविधान बचाओ रैली की सफलता के लिए तैयारी तेज़ कर दी है। सोमवार को पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने पूर्व पार्षद एवं प्रदेश सचिव रमेश कुमार मंगू की अध्यक्षता में धर्मपुर विधानसभा के चंद्रबनी चौक सुभाषनगर में “30 अप्रैल” को देहरादून में आहूत “संविधान बचाओ रैली” के संबंध में पार्टी पदाधिकारियो एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भारत का संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था, समानता और न्याय की नींव है। यह न केवल एक कानूनी दस्तावेज़ है, बल्कि सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और मौलिक अधिकारों की गारंटी देने वाला एक जीवंत प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा सरकार द्वारा संवैधानिक मूल्यों के बेतुके उल्लंघन और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से केंद्रीय एजेंसियों के खुले तौर उपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व और उनके परिवारों को झूठे और मनगढ़ंत मामलों के जरिए निशाना बनाकर, भाजपा सरकार जनता और राष्ट्र की आत्मा के साथ सदैव खड़ी रहने वाली कांग्रेस पार्टी को दबाने का हठधर्मी प्रयास कर रही है, जिसमें वो कभी सफल नही होंगे।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि हमारी यह रैली बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी तथा बढ़ती असमानता पर सरकार की शर्मनाक उपेक्षा के खिलाफ एक शक्तिशाली, जनाधारित राजनीतिक प्रतिरोध का प्रतीक है।
पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि यह रैली केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों को बचाने का एक सामूहिक संकल्प है। आज जब संविधान की मूल भावना को कमज़ोर करने के प्रयास हो रहे हैं, यह जन-आंदोलन हर नागरिक से अपील करता है, कि वह अपने अधिकारों के प्रति सजग रहे और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आए।
पूर्व पार्षद/प्रदेश सचिव रमेश कुमार मंगू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल कागज पर नहीं, बल्कि जनता की आशाओं और संघर्षों का दस्तावेज़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि “संविधान बचाओ रैली” इसी विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर है। आइए, 30 अप्रैल को देहरादून में एकजुट होकर यह संदेश दें कि “हम संविधान की रक्षा करेंगे, क्योंकि यही हमारे लोकतंत्र की गारंटी है।
इस दौरान वार्ड 78 से कांग्रेस पार्षद श्रीमति कुसुम वर्मा, पार्षद श्रीमती प्रिया वर्मा, पार्षद जाहिद अंसारी, पार्षद मुकीम अहमद, पार्षद इतात खान, ओम प्रकाश सती, पीयूष गौड़, ओमवीर सिंह दहिया, चंद्र शेखर पंत, एडवोकेट आशीष वर्मा, सिद्धार्थ वर्मा, विकास पाल, योगेश कुमार, सुनील पाल, मंजू सिंह, संतोष कक्कड़, बेबी भारती, सुधा, सरोज जोशी, सरबजीत, स्नेह गुप्ता आदि उपस्थित रहे।