यूपी में पांच IPS अफसरों के तबादले, तिवारी बने SSP सहारनपुर

Astitva Times Desk
3 Min Read

खालिद मजीद

उत्तर प्रदेश सरकार ने 5 सीनियर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। वर्ष 2012 बैच के तेजतर्रार IPS ऑफिसर आशीष तिवारी को सहारनपुर जिले का पुलिस कप्तान बनाया गया है। तिवारी इससे पहले CID की लखनऊ ब्रांच में SP के पद पर तैनात थे। सहारनपुर जिले में अभी तक पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी संभालने वाले रोहित सिंह सजवान को पुलिस मुख्यालय लखनऊ से सम्बद्ध किया गया है।

देखें, किस को कहां मिली तैनाती
1- एस.बी. शिरडकर (IPS-1993) अब बनेंगे पुलिस महानिदेशक, प्रोन्नति एवं भर्ती बोर्ड, लखनऊ।
पूर्व में थे: ADG, लखनऊ जोन।

2 – सुजीत पाण्डेय (IPS-1994) – अब होंगे अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन।
पूर्व में थे: ADG, PAC मुख्यालय।

3 – आर.के. स्वर्णकार (IPS-1996) – अब होंगे ADG, PAC मुख्यालय, लखनऊ।
पूर्व में थे: ADG, APTC, सीतापुर।

4 – आशीष तिवारी (IPS-2012) – अब होंगे एसएसपी, सहारनपुर।
पूर्व में थे: SP, CID, लखनऊ।

5 – रोहित सिंह सजवान (IPS-2013) – अब बनाए गए SP, संबद्ध, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ।
पूर्व में थे: SSP, सहारनपुर।

सहारनपुर के नए पुलिस कप्तान आशीष तिवारी का परिचय

सहारनपुर। जिले के नए एसएसपी आशीष तिवारी देश की सेवा करने के लिए लंदन और जापान के बैंक में एक करोड़ से ज्यादा का पैकेज छोड़ वापस इंडिया आए थे। वह बैंक में एक्सपर्ट एनालिस्ट पैनल में शामिल थे, उन्होंने दो बार आईपीएस का एग्जाम क्वालिफाई किया।

आशीष तिवारी मूल रूप से मध्य प्रदेश के इटारसी के रहने वाले हैं। पिता कैलाश नारायण तिवारी, रेलवे इटारसी में सेक्शन इंजीनियर हैं। आशीष की 12वीं तक की पढ़ाई इटारसी के केंद्रीय विद्यालय में हुई। इसके बाद 2002 से 2007 तक उन्होंने कानपुर आईआईटी से कम्प्यूटर साइंस में बीटेक और फिर एमटेक कम्प्लीट किया।

2007 में ही वह कैंपस सिलेक्शन के दौरान लंदन की लेहमैन ब्रदर्स कंपनी में सिलेक्ट हुए, जहां उन्होंने डेढ़ साल काम किया। इसके बाद उन्होंने जापान के नोमुरा बैंक में डेढ़ साल जॉब की, दोनों बैंकों में एक्सपर्ट एनालिस्ट पैनल में उनका सिलेक्शन हुआ था।

इंडिया लौटकर की थी सिविल सर्विस की तैयारी

2010 में तिवारी ने वापस इंडिया आकर सिविल सर्विस की तैयारी की और 2011 में आईआरएस इनकम टैक्स में उनका सिलेक्शन हुआ। इसमें उन्हें 330 वीं रैंक मिली। इसके बाद 2012 में उनका आईपीएस में सिलेक्शन हुआ। इसमें उन्होंने 219वीं रैंक हासिल की। 2013 में उनका आईपीएस ट्रेनिंग के दौरान एक बार फिर आईपीएस में सिलेक्शन हुआ और उन्हें 247वीं रैंक मिली।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!