मन्नू रावत डोईवाला में कांग्रेस पार्टी से टिकट के दावेदार, क्षेत्र में लगातार कर रहे जनसंपर्क

5

 

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में चुनावी सरगर्मियां तेज होने के साथ ही डोईवाला विधानसभा सीट पर दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। इसी कड़ी में तेजेन्द्र रावत (मन्नू रावत) ने भी कांग्रेस से टिकट की दावेदारी पेश करते हुए विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।

राजधानी देहरादून की इस महत्वपूर्ण विधानसभा सीट पर तेजेन्द्र रावत का कहना है कि वे पूरी विधानसभा क्षेत्र विशेषकर नत्थनपुर, नवादा, बद्रीपुर, बालावाला सहित कई गांवों और शहरी क्षेत्रों में लगातार जनता के बीच पहुंचकर कांग्रेस पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस के प्रति सकारात्मक रुझान दिखाई दे रहा है।

तेजेन्द्र रावत ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें उम्मीदवार के रूप में अवसर देता है तो वे जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के सहयोग से मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे तथा डोईवाला सीट कांग्रेस की झोली में डालने का पूरा प्रयास करेंगे।

राजनीतिक अनुभव की बात करें तो मन्नू रावत वर्ष 2008 में क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं। संगठनात्मक स्तर पर भी वे सक्रिय रहे हैं। वे उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे किशोर उपाध्याय के कार्यकाल में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

वर्तमान में मन्नू रावत इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
डोईवाला विधानसभा सीट पर कांग्रेस से टिकट के अन्य दावेदार भी सक्रिय हैं, ऐसे में पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर सबकी निगाहें टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि कांग्रेस इस सीट से किसे चुनावी मैदान में उतारती है। फिलहाल तेजेन्द्र रावत ने अपनी दावेदारी मजबूती से पेश करते हुए चुनावी ताल ठोक दी है।