पीएम आवास योजना के तहत 82 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी

31

 

नगर निगम देहरादून ने 16.40 लाख रुपये DBT के माध्यम से जारी किए

देहरादून। नगर निगम देहरादून द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी (PMAY-U 2.0) के अंतर्गत व्यक्तिगत आवास निर्माण घटक के तहत लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की गई। इस योजना के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा स्वीकृत 88 लाभार्थियों में से 82 लाभार्थियों को लाभार्थी आधारित निर्माण (BLC) घटक के तहत 20,000 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से कुल 16 लाख 40 हजार रुपये की सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी रमेश चौहान ने किया।

महापौर सौरभ थपलियाल ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से लाभार्थियों को सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना से लाभार्थी परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और उनका अपने घर का सपना जल्द ही साकार होगा।

वहीं नगर आयुक्त नमामी बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए।

सहायक विकास अधिकारी रमेश सिंह चौहान ने लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं और आवास निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। साथ ही लाभार्थियों को अपने आवास निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में भारत सरकार द्वारा 88 लाभार्थी परिवारों के लिए प्रति लाभार्थी 2 लाख 75 हजार रुपये की दर से कुल 2 करोड़ 42 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। इसके अंतर्गत नगर निगम देहरादून को अब तक 88 लाख रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई है।कार्यक्रम में नगर निगम की आवास योजना से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम भी उपस्थित रही।

 

देहरादून।नगर निगम देहरादून द्वारा मंगलवार 10 मार्च को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के BLC (Beneficiary Led Construction) के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रथम किस्त की अनुदान राशि DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से जारी की जाएगी। इस अवसर पर लाभार्थियों को योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

नगर निगम में आवासीय योजनाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे रमेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की राशि जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को अपना पक्का घर बनाने में बड़ी सहायता मिल रही है।

मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल तथा नगर आयुक्त नमामि बंसल के कर कमलों से लाभार्थियों के लिए अनुदान राशि जारी की जाएगी। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी भी उपस्थित रहेंगे।