अवैध खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला, वन बीट अधिकारी घायल

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध खनन माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। नदी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने वन कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया, जिसमें वन बीट अधिकारी मो० ईनाम गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सहसपुर क्षेत्र के कालसी भूमि संरक्षण वन प्रभाग में वन विभाग की टीम नियमित गश्त और अवैध खनन के खिलाफ अभियान के तहत मोट नदी क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान टीम ने नदी से अवैध रूप से खनिज सामग्री ले जा रही एक ट्रैक्टर- ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख चालक ने वाहन को तेज गति से वन कर्मियों की ओर दौड़ा दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वन बीट अधिकारी मो० ईनाम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अधिकारी को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।अधिकारियों के निर्देश पर चांदपुर अनुभाग अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ग्राम सोरना में दबिश देकर आरोपी ट्रैक्टर मालिक रोहित उर्फ देसी के घर से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। मुख्य आरोपी चालक पंकज के खिलाफ थाना सहसपुर में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए क्षेत्र में दो अन्य ट्रैक्टर स्वामियों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज कर दिए हैं।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अवैध खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं कि वे सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने से भी नहीं डर रहे। ड्यूटी पर तैनात वन कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!