उत्तराखंड में दरोगा के 200 पदों पर भर्ती; इच्छुक अभ्यर्थी 1 दिसंबर से करें आवेदन

Astitva Times Desk
4 Min Read

नागरिक पुलिस, अभिसूचना, PAC और IRB में नौकरी पाने का शानदार मौका; उपनिरीक्षक के साथ अग्निशमन एवं आबकारी विभाग के पद भी शामिल

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 85/उ०अ०से०च०आ०/2026 के तहत कुल 200 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। भर्ती की खबर सामने आते ही पुलिस विभाग में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह बढ़ गया है।

जारी विज्ञापन के अनुसार सबसे अधिक 93 पद उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला) के रखे गए हैं। इसके अलावा उपनिरीक्षक अभिसूचना के 19, प्लाटून कमांडर PAC/IRB के 81, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और उप आबकारी निरीक्षक के दो पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस प्रकार उत्तराखंड पुलिस विभाग के विभिन्न संवर्गों और आबकारी विभाग में कुल 200 पद भरे जाएंगे। आयोग ने भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू करने का निर्णय लिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 दिसंबर 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए चार जनवरी से छह जनवरी 2027 तक संशोधन का अवसर दिया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने के निर्देश दिए हैं।

भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। प्रथम चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की लिखित प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोग के विज्ञापन के अनुसार लिखित परीक्षा 200 अंकों की वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय (MCQ) ऑफलाइन परीक्षा होगी। इसके लिए 18 अप्रैल 2027 की अनंतिम तिथि निर्धारित की गई है। वेतनमान की बात करें तो उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, उपनिरीक्षक अभिसूचना, प्लाटून कमांडर और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये तक वेतनमान (लेवल-07) मिलेगा। वहीं उप आबकारी निरीक्षक के पद के लिए 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक वेतनमान (लेवल-05) निर्धारित किया गया है। आयोग ने ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य किया है।

विज्ञापन के अनुसार हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करनी होगी। इसके अतिरिक्त आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी एवं उपश्रेणी के प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराने होंगे। अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में आयोग के विज्ञापन में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। इस भर्ती में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अभी से लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। विशेष रूप से दौड़, शारीरिक सहनशक्ति और निर्धारित शारीरिक मानकों पर ध्यान देना होगा। अभ्यर्थियों को पदवार योग्यता, आयु सीमा और शारीरिक मानकों की पुष्टि आधिकारिक विज्ञापन से करनी चाहिए।

आयोग ने अभ्यर्थियों को भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट https://sssc.uk.gov.in/ पर जाने की सलाह दी है। उत्तराखंड में 200 पदों पर निकली यह भर्ती पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी सेवाओं में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। अब युवाओं की नजर आवेदन प्रक्रिया शुरू होने और आगामी चयन परीक्षा पर टिकी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!