IPL 2022 में आठ की जगह खेलेंगी 10 टीमें, BCCI की एजीएम में मिली मंजूरी

MS Malik
By
3 Min Read

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की गुरुवार को हुई आम सभा की 89वीं सालाना बैठक में आईपीएल 2022 के लिए दो नई टीमों की मंजूरी दे दी गई। पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि आईपीएल 2021 में नहीं बल्कि आईपीएल 2022 में दो नई टीमें जुड़ सकती हैं।

बता दें कि आईपीएल 2021 शुरू होने में महज साढ़े तीन महीने बचे हैं, क्योंकि इसकी शुरुआत मार्च के आखिर में होना है। ऐसे में 2021 में नई टीमों को जोड़ना जल्दबाजी होती। वहीं, बोर्ड की पहले से सहमति थी कि नई टीमें 2022 में शामिल हों। हालांकि, इस पर आज अंतिम मुहर लग गई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल में जिन दो नई टीमों को शामिल करने का विचार हो रहा है, उनमें अहमदाबाद, कानपुर, लखनऊ और पुणे के नाम शामिल हैं। अहमदाबाद का नाम पक्का माना जा रहा है, जबकि कानपुर, लखनऊ और पुणे में से एक टीम और हो सकती है। कहा ये भी जा रहा है कि अडानी ग्रुप और संजीव गोयंका की आरपीएसजी ग्रुप टीम खरीदने की दौड़ में सबसे आगे हैं। हालांकि,आईपीएल की दो नई टीमों के मालिक कौन होंगे ये सवाल सभी के लिए काफी दिलचस्प है।

बता दें कि एजीएम बैठक से पहले बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी कहा था, ‘इस समय आईपीएल में दस टीमें रखना 2021 के लिए संभव नहीं है। इसके लिए निविदा की प्रक्रिया और नीलामी लंबा समय लेगी और इतने कम समय में यह मुमकिन नहीं।’ उन्होंने कहा, ‘यह सही होगा कि मंजूरी ले ली जाए और 2022 में 94 मैचों का टूर्नामेंट हो।’

प्रथम श्रेणी के खिलाड़ियों को दिया जाएगा उपयुक्त मुआवजा
सालान बैठक में यह भी फैसला किया गया कि सभी पुरुष और महिला प्रथम श्रेणी खिलाड़ियों को कोविड-19 महामारी के कारण संशोधित घरेलू सत्र को देखते हुए उपयुक्त मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, बीसीसीआई कई महीनों के विलंब के बाद जनवरी में सैयद मुश्ताक अली टी20 चैंपियनशिप के साथ घरेलू सत्र शुरू करने की योजना बना रहा है।

इसके अलावा अन्य फैसलों में कांग्रेस के अनुभवी नेता राजीव शुक्ला को उत्तराखंड के माहिम वर्मा की जगह औपचारिक रूप से बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह भी पता चला है कि आम सभा ने आईसीसी बोर्ड में सौरव गांगुली के निदेशक के रूप में बकरार रहने के पख में फैसला किया है।

वहीं, सचिव जय शाह वैकल्पिक निदेशक और वैश्विक संस्था की मुख्य कार्यकारियों की समिति में भारत के प्रतिनिधि होंगे।

उधर, बीसीसीआई सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) से कुछ स्पष्टीकरण के बाद बीसीसीआई क्रिकेट को 2028 ओलंपिक में शामिल करने की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कवायद का समर्थन करेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!