कांग्रेस प्रदेश प्रभारी का पांच दिवसीय दौरा आठ अप्रैल से 

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा आठ अप्रैल को पांच दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रही है. दौरे की शुरुआत वह कुमाऊं से करेंगी। इस दौरान वह संगठन की मजबूती एवं पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगी

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के प्रस्तावित दौरे की सफलता को लेकर प्रदेश कांग्रेस में तैयारी शुरू हो गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा आठ अप्रैल से पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रही हैं। इस दौरान वह प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगी।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कुमारी शैलजा आठ अप्रैल को दोपहर 1 बजे रुद्रपुर पहुंचेंगी। यहां वह वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति और आगामी रणनीति पर मंथन करेंगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे जिला कांग्रेस कमेटी उधमसिंहनगर, महानगर कांग्रेस कमेटी रुद्रपुर तथा महानगर कांग्रेस कमेटी काशीपुर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी।

9 अप्रैल को कुमारी शैलजा सुबह 10 बजे हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में नैनीताल जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगी। इसके बाद वह कोटद्वार के लिए प्रस्थान करेंगी, जहां शाम 5 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी।

10 अप्रैल को सुबह 10 बजे कोटद्वार में बैठक करने के बाद वह हरिद्वार पहुंचेंगी। दोपहर 3 बजे जयराम आश्रम में हरिद्वार महानगर कांग्रेस कमेटी, हरिद्वार ग्रामीण, रुड़की ग्रामीण और रुड़की महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद वह हरिद्वार में सायंकालीन गंगा आरती में शामिल होंगी और फिर देहरादून के लिए रवाना होंगी।

11 अप्रैल को कुमारी शैलजा मसूरी नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे देहरादून महानगर कांग्रेस कमेटी, पछुवादून और परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। वहीं शाम 5 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग, अनुसूचित जाति विभाग तथा पूर्व सैनिक विभाग के पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित होगी।

अपने दौरे के अंतिम दिन 12 अप्रैल को वह देहरादून में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा आयोजित विशाल “जय भीम–जय हिंद” कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम के बाद वह नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कुमारी शैलजा अपने दौरे के दौरान प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा करेंगी। उन्होंने कहा कि इस दौरे से प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और आगामी चुनावों को लेकर संगठन और अधिक मजबूती के साथ सक्रिय होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!