मात्र पांच सौ रुपए के विवाद में हुई बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या; बीच बचाव में मारी गई मेड, आरोपी गिरफ्तार

2

​देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित तपोवन मार्ग की विष्णुलोक कॉलोनी से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पैसों के लेन-देन को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद एक प्लंबर ने बुजुर्ग दंपत्ति और बीच-बचाव करने आई पड़ोस की नौकरानी की पेचकस से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

​जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में एक घर में चोरी के इरादे से घुसे व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया है। सूचना मिलते ही रायपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की, तो उसने जो खुलासा किया उससे हड़कंप मच गया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने घर के अंदर मौजूद बुजुर्ग दंपत्ति और एक महिला पर पेचकस से ताबड़तोड़ हमला कर दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर घर के अंदर बुजुर्ग दंपत्ति और महिला खून से लथपथ अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से तुरंत तीनों पीड़ितों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इन्द्रेश नगर (देहरादून) बताया। आरोपी ने खुलासा किया कि वह प्लंबिंग का काम करता है और पिछले 2 वर्षों से इस बुजुर्ग दंपत्ति के घर काम के सिलसिले में आ-जा रहा था। घटना के दिन भी बुजुर्ग दंपत्ति ने उसे प्लंबिंग का काम ठीक करने के लिए घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी बुजुर्ग दंपत्ति से तीखी बहस और कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर राजकुमार ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे पेचकस से दंपत्ति पर हमला कर दिया। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने गवाह मिटाने की नीयत से उस पर भी पेचकस से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

​रायपुर थाना पुलिस ने आरोपी राजकुमार के खिलाफ हत्या का अभियोग (केस) पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया पेचकस और वारदात के बाद मृतक के पास से लूटी गई सोने की एक चेन बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।