सौंग बांध परियोजना से क्षतिग्रस्त हुई सिंचाई नहर, सैकड़ों बीघा फसल सूखने की कगार पर: नेगी

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री महेन्द्र ‘नेगी गुरू जी’ ने परियोजना अधिकारियों से की वार्ता, किसानों के लिए शीघ्र सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग

देहरादून। राजधानी देहरादून में सौंग बांध परियोजना के निर्माण कार्य के चलते स्थानीय कृषकों की सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नहर के नष्ट होने के कारण सैकड़ों बीघा कृषि भूमि में खड़ी लहलहाती फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है, जिससे किसानों में चिंता और रोष व्याप्त है।

इस गंभीर समस्या को लेकर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री महेन्द्र ‘नेगी गुरू जी’ ने बुधवार को सौंग बांध परियोजना के महाप्रबंधक तथा अन्य उच्च अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को किसानों की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि सिंचाई व्यवस्था बाधित होने से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की स्थिति बन गई है।

उन्होंने अधिकारियों को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल की जाए, ताकि किसानों की फसल को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।

उन्होंने प्रशासन और परियोजना प्रबंधन से किसानों की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की अपील की। नेगी ने यह भी कहा कि किसानों की आजीविका से जुड़े इस मुद्दे पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य हो सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!