अत्यंत दुखद: राजधानी में छह वर्षीय मासूम को हाथी ने कुचला, हुई मौत

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। राजधानी देहरादून से एक दुखद घटना सामने आई है जहां रायपुर क्षेत्र में एक छह साल की मासूम को जंगल में हाथी ने कुचल दिया। मिली जानकारी अनुसार भोपालपानी के जंगल में मोरपंख खोजने गए बच्चों पर हाथी ने हमला कर दिया। इस दौरान बाकी बच्चे तो वहां से भागने में कामयाब रहे, लेकिन छह साल की बच्ची को हाथी ने सूंड से पकड़ लिया और पटक-पटक कर मार डाला। बच्ची के माता-पिता मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और यहां मजदूरी करते हैं।

शुक्रवार को बालावाला निवासी विवेक उनियाल ने बालावाला पुलिस चौकी और वन विभाग को सूचना दी कि भोपालपानी जाने वाले मार्ग पर बांसवाड़ा जंगल में एक बच्ची को हाथी ने कुचलकर मार दिया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि बांसवाड़ा जंगल के किनारे विवेक उनियाल के मकान में किरायेदार लोचन ऋषि देव की छह वर्षीय पुत्री सोनम पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ दोपहर करीब ढाई बजे जंगल की ओर गई थी। जहां पर हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

उधर, रायपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी राकेश नेगी के अनुसार आबादी क्षेत्र के पास जंगल की सीमा पर सोलर फेंसिंग की गई है, लेकिन स्थानीय निवासी फेंसिंग के नीचे से जंगल की ओर चले जाते हैं। जंगल में हाथी समेत अन्य वन्यजीवों की गतिविधि भी अत्यधिक रहती है और मानव संघर्ष का खतरा बना रहता है। जिसके चलते क्षेत्रवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जाती है। वन विभाग की ओर से भी क्षेत्र में रात्रि गश्त कर वन्यजीवों की गतिविधि पर नजर रखी जाती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!