नेगी आत्महत्या मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार

Astitva Times Desk
4 Min Read

 

देहरादून। पौड़ी जिले के ग्राम तलसारी निवासी जितेन्द्र नेगी की आत्महत्या के मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली पौड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस टीम द्वारा विवेचनात्मक कार्यवाही कर लगातार गहन जांच कर आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा पहले ही मुख्य अभियुक्त भाजयुमो नेता हिमांशु चमोली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

विवेचक एवं पुलिस टीम के लगातार प्रयासों एवं बेहतर जांच के परिणामस्वरूप इस मामले में चार अन्य अभियुक्त कोठारी मौहल्ला थाना डोईवाला निवासी (शुभंम खण्डूरी, बुलावाला थाना डोईवाला निवासी गौरव काम्बोज, भानियावाला तिराहा देहरादून निवासी विकास शाह एवं बड़कोट रानी पोखरी निवासी अभिषेक गैरोला के विरूद्ध भी पर्याप्त साक्ष्य पाये जाने पर पुलिस टीम द्वारा चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चारों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर  पुलिस टीम द्वारा उक्त मामले में साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया एवं प्रभावी जांच जारी है तथा जो भी व्यक्ति प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से प्रकरण में सम्मिलित पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

गोली मारकर आत्महत्या करने वाले युवक ने वीडियो में हिमांशु पर लगाए ठगी के गंभीर आरोप

देहरादून। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल गुरुवार को आत्महत्या से जुड़ा एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया। जिसमें एक युवक जितेन्द्र नेगी ने पहले वीडियो बनाकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली पर बार बार पैसे ठगने का आरोप लगाया और फिर सिर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर हिमांशु चमोली को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डोईवाला के कोठारी मोहल्ला निवासी जितेंद्र नेगी (मूल निवासी तलसारी, पो. गिरगांव पौड़ी) ने कल श्रीनगर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो में जितेंद्र नेगी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता हिमांशु चमोली ने उससे करोड़ों रुपए की ठगी की, जिससे परेशान होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा।

 

ठगी के आरोपों का पूरा विवरण
मृतक जितेंद्र नेगी ने अपने वीडियो में किया दावा

हिमांशु चमोली ने उससे समय-समय पर लाखों रुपए के मोबाइल फोन अपनी पत्नी और भाई के नाम पर लिए।

जमीन दिलाने के नाम पर भी उससे लाखों रुपए ऐंठे गए।

एक न्यूज चैनल/पोर्टल शुरू करने, ऑफिस खोलने का झांसा देकर भी उससे बड़ी रकम वसूली गई।

मुख्यमंत्री के ओएसडी के नाम से पैसे मांगे।

हिमांशु, उसकी पत्नी, छोटे भाई के लिए फोन दिए।

केदारनाथ यात्रा के लिए 05 से 07 लाख रुपये खर्च करवाए।

जितेंद्र ने वीडियो में कहा कि कुल मिलाकर 57 लाख रुपए से अधिक की ठगी उसके साथ की गई और जब उसने रकम लौटाने की मांग की तो भाजपा नेता ने साफ इंकार कर दिया। इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने का फैसला कर रहा है। वह बर्बाद हो चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के अनुसार हिमांशु चमोली को श्रीनगर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के बाद जितेंद्र नेगी का डोईवाला स्थित घर बंद मिला। परिजन श्रीनगर रवाना हो चुके हैं। मोहल्ले में मातम का माहौल है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!