ढाई लाख कर्मचारियों को दिवाली तोहफा, बोनस के साथ महंभाई भत्ता का आदेश जारी

Astitva Times Desk
2 Min Read

देहरादून। प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दिया है। सरकार ने प्रदेश के करीब ढाई लाख राज्य कर्मियों का महंगाई भत्ता बढ़ा दिया है। साथ ही दिवाली बोनस को भी मंजूरी मिल गई है। कर्मचारियों का महंगाई भत्ता तीन फीसद बढ़ाने और बोनस देने का आदेश जारी कर दिया गया है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ढाई लाख से ज्यादा शिक्षकों और कर्मचारियों का महंगाई भत्ता तीन फीसद बढ़ाने और बोनस देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। जिसके बाद आदेश जारी हो गए हैं। महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 फीसदी तक हो गया है। इसके साथ ही बोनस का लाभ 4800 ग्रेड पे तक वाले कार्मिकों को ही मिलेगा। इसके तहत अधिकतम सात हजार रुपये मिलेंगे। दैनिक वेतनभोगी और कैजुअल श्रेणी के कर्मियों को कुछ शर्त के साथ अधिकतम 1200 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे।

इससे पहले सरकार सोमवार को कर्मचारियों के प्रमोशन के मानक शिथिल करने, आंगनबाड़ी का प्रमोशन कोटा बढ़ाने और स्वास्थ्य विभाग में तबादलों में राहत देने का फैसला कर चुकी है। जिस वजह से इस बार राज्य कर्मचारियों की दिवाली खास बन गई है।

धामी कैबिनेट ने कर्मचारियों की पदोन्नति में शिथिलता के नियम को और भी अधिक शिथिल करने के निर्णय पर मुहर लगा दी है। पूर्व में पदोन्नति में शिथिलता का लाभ दिया गया था। इसके बावजूद विभागों में खाली पदों पर पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पा रहा था। खासतौर पर इंजीनियरिंग विभागों में पदोन्नति के पद खाली पड़े थे। पदोन्नति का लाभ ज्यादा कर्मचारियों को मिल सके, इसके लिए इस नियम में और अधिक छूट दी गई है। पदोन्नति के संबंध में अर्हकारी सेवा में शिथिलीकरण की नियमावली में संशोधन को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। अब कोई कर्मचारी कुल सेवा अवधि के समय को पूरा नहीं कर पा रहा है, तो उसे उसमें भी छूट मिलेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!