ज्योति बनीं गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष, शाही को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

कैप्टन गंभीर सिंह धामी बने पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शमशेर सिंह बिष्ट को भी मिली अहम जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखण्ड सरकार द्वारा विभिन्न परिषदों एवं सलाहकार संस्थाओं में नई नियुक्तियों की घोषणा के बाद सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने दायित्व प्राप्त करने वाले सभी पूर्व सैनिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जिन व्यक्तियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं, यह उनके अनुभव, समर्पण, अनुशासन और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान है।

मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार लगातार ऐसे लोगों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है, जिन्होंने समाज, संगठन और राष्ट्रहित में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा देश की सुरक्षा और सेवा में समर्पित किया है तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी वे समाज और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न परिषदों एवं संस्थाओं में अनुभवी और समर्पित व्यक्तियों को दायित्व प्रदान करना राज्य सरकार की दूरदर्शी और सकारात्मक सोच का परिचायक है। इससे न केवल इन संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि देहरादून निवासी ज्योति कोटिया को गोरखा कल्याण परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि अभिषेक शाही को परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, उधमसिंहनगर निवासी कैप्टन गंभीर सिंह धामी को उत्तराखण्ड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद का वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा देहरादून निवासी शमशेर सिंह बिष्ट को परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मंत्री गणेश जोशी ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता के बल पर राज्यहित में उत्कृष्ट कार्य करेंगे तथा संबंधित परिषदों के माध्यम से समाज और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!