गुजराडा मानसिंह में वृक्षारोपण अभियान के तहत रोपे गए सैकड़ों पौधे

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा रोड गुजराडा मानसिंह में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर क्षेत्र से महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। उपस्थित लोगों ने भारत विकास परिषद (NGO) द्वारा सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी सौरव उनियाल ने संदेश दिया कि “प्रकृति की रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। ऐसे सामूहिक प्रयास ही गांव को हरा-भरा, स्वच्छ और मजबूत बनाते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। जनसहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर पूर्व प्रधान दीपक फरासी, युवा भाजपा नेता शाकुल उनियाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामवासी एवं महिला शक्ति उपस्थित रही। सभी ने मिलकर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम से यह संदेश भी गया कि जब समाज और सामाजिक संस्थाएँ एकजुट होकर पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आती हैं, तो हरियाली के साथ-साथ सामाजिक एकता भी मजबूत होती है। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!