हीट वेव का रेड अलर्ट जारी; बच्चे, बुजुर्ग और कामकाजी लोग रहें सतर्क

6

 

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर, प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर; दोपहर में बाहर निकलने से बचने की अपील

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव के प्रकोप ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। प्रशासन ने आमजन, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ इलाकों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। मौसम निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार रहने का अनुमान है।

राजधानी देहरादून में सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी अस्पतालों और चिकित्सा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा ने लोगों से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो सिर को छाते या सूती कपड़े से ढकें तथा चेहरे को मास्क या कपड़े से सुरक्षित रखें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

चिकित्सकों ने गर्मी के मौसम में तरबूज, खीरा, नींबू पानी, जलजीरा, नारियल पानी और अन्य पानी युक्त फलों के सेवन को लाभकारी बताया है।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हीट वेव के दौरान चक्कर आना, तेज सिरदर्द, उल्टी, तेज बुखार या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करना चाहिए, क्योंकि लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।

जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और गर्मी से बचाव के सभी उपाय अपनाएं। प्रशासन का कहना है कि सावधानी और जागरूकता ही हीट वेव से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। हीट वेव से संबंधित सहायता और शिकायतों के लिए आमजन हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।